– हाल 63270 मुजफ्फरपुर–समस्तीपुर सवारी ट्रेन का
– यात्रियों की परेशानी से बेखबर रेलवे
समस्तीपुर : मुजफ्फरपुर से समस्तीपुर आने वाले दैनिक यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। ट्रेन संख्या 63270 मुजफ्फरपुर – समस्तीपुर सवारी ट्रेन कर्पूरीग्राम स्टेशन से समस्तीपुर जंक्शन तक की महज 6 किलोमीटर की दूरी तय करने में 40 मिनट से लेकर एक घंटे तक का समय ले रही है। सामान्य परिस्थितियों में यह दूरी कुछ ही मिनटों में पूरी हो जानी चाहिए, लेकिन लगातार हो रही देरी के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी रात के समय यात्रा करने वाले यात्रियों को हो रही है। मुजफ्फरपुर से समय पर चलने के बावजूद ट्रेन कर्पूरीग्राम पहुंचने के बाद लंबे समय तक खड़ी रहती है। इस कारण समस्तीपुर पहुंचने में अनावश्यक विलंब होता है।
रात के समय सफर करने वाले सबसे ज्यादा परेशान
मुजफ्फरपुर स्टेशन से यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर 10.20 बजे खुलती है। कर्पूरीग्राम स्टेशन तक का सफर भी ठीक रहता है। असली समस्या कर्पूरीग्राम पहुंचने के बाद शुरू होती है। ट्रेन को यहां प्लेटफार्म पर लंबे समय तक अकारण खड़ा रख दिया जाता है। रात का समय होने के कारण यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और नौकरी पेशा लोगों को समस्तीपुर जंक्शन पहुंचने में अनावश्यक देरी होती है, जिससे उनकी सुरक्षा और घर पहुंचने की चिंता बढ़ जाती है।
आंकड़ा पिछले छह दिनों का
पिछले छह दिनों के आंकड़े भी इस समस्या की गंभीरता को दर्शाते हैं।
23 जुलाई : कर्पूरीग्राम से समस्तीपुर पहुंचने में 58 मिनट
24 जुलाई : 38 मिनट
25 जुलाई : 20 मिनट
26 जुलाई : 58 मिनट
27 जुलाई : 50 मिनट
28 जुलाई : 30 मिनट
यह आंकड़ा खुद रेलवे की साइट पर आनलाइन है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि यह समस्या किसी एक दिन की नहीं, बल्कि लगातार बनी हुई है। रेल सूत्रों के अनुसार इस विलंब का मुख्य कारण समस्तीपुर जंक्शन पर प्लेटफार्म खाली नहीं होना है। प्लेटफार्म उपलब्ध नहीं रहने के कारण सवारी ट्रेन को कर्पूरीग्राम स्टेशन पर लंबे समय तक रोकना पड़ता है। इसका खामियाजा सीधे तौर पर यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
यात्रियों में बढ़ रहा है आक्रोश
लगातार हो रही इस लेटलतीफी के कारण स्थानीय दैनिक यात्रियों में रेलवे प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। यात्रियों का कहना है कि समस्तीपुर जंक्शन पर प्लेटफार्म खाली न होने या वीआईपी ट्रेनों को पास कराने के नाम पर इस लोकल ट्रेन को हर रोज रोका जाता है। दैनिक यात्रियों ने रेल प्रशासन से इस समस्या का जल्द से जल्द संज्ञान लेने और ट्रेन के परिचालन को दुरुस्त करने की मांग की है।
यात्रियों का कहना है कि रेलवे को प्लेटफार्म प्रबंधन और ट्रेनों के परिचालन में बेहतर समन्वय स्थापित करना चाहिए, ताकि छोटी दूरी के लिए उन्हें बेवजह लंबे इंतजार का सामना न करना पड़े। दैनिक यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि समस्तीपुर जंक्शन पर प्लेटफार्म प्रबंधन में सुधार करते हुए इस ट्रेन का समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रतिदिन हजारों यात्रियों को राहत मिल सके।
वर्जन :
आपने यह जानकारी मेरे संज्ञान में दी है। संबंधित विभाग को इसे भेजकर इसे दुरुस्त कराया जाएगा।
आर के सिंह, जन संपर्क पदाधिकारी, समस्तीपुर रेल मंडल।