समस्तीपुर: पत्नी से मिलने समस्तीपुर आ रहे मोतिहारी ग्रामीण कार्य विभाग में कार्यरत कर्मी चंदन कुमार झा की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बाइक से मोतिहारी से समस्तीपुर जा रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के दिघरा के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि चंदन कुमार झा की पत्नी समस्तीपुर में सरकारी पद पर कार्यरत हैं। वह पत्नी से मिलने के लिए शनिवार सुबह बाइक से समस्तीपुर के लिए निकले थे। रास्ते में दिघरा के पास हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कच्ची-पक्की ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मधुबनी जिले के आदर्श नगर (गोशाला रोड) निवासी गौरी कांत झा के पुत्र चंदन कुमार झा के रूप में हुई है। वह मोतिहारी ग्रामीण कार्य विभाग के ढाका डिवीजन में कार्यरत थे।
पुलिस ने मृतक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान की और घटना की जानकारी परिजनों के साथ विभाग में कार्यरत उनके सहकर्मियों को दी। सूचना मिलने के बाद उनके सहकर्मी और रिश्तेदार भी घटनास्थल पर पहुंचे। इधर, पति की मौत की खबर मिलते ही समस्तीपुर में कार्यरत उनकी पत्नी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।