Indian Rail Demo Image

समस्तीपुर : समस्तीपुर जंक्शन पर सोमवार को अवध असम एक्सप्रेस से एक युवती अचेतावस्था में मिलने से स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेल सुरक्षा बल और रेलवे के चिकित्सकीय दल ने मौके पर पहुंचकर युवती का प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद उसे होश आया। जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:30 बजे प्लेटफार्म संख्या 7 पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी प्रभाष झा ने एक युवती के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना आरपीएफ को दी।

सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर शशिकांत तिवारी मौके पर पहुंचे और कंट्रोल को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान मंडल चिकित्सा अधिकारी अपनी टीम के साथ पहुंचे और युवती का प्राथमिक उपचार किया। होश में आने पर युवती ने बताया कि वह अवध असम एक्सप्रेस से भोपाल जा रही थी, लेकिन उसे यह जानकारी नहीं है कि वह समस्तीपुर स्टेशन पर कैसे उतर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यात्रियों ने उसे अचेत अवस्था में ट्रेन से नीचे उतारा था।

पूछताछ में युवती ने अपनी पहचान असम के शोणितपुर की बतायी। आरपीएफ ने उसके स्वजनों से संपर्क किया, इस पर उसके भाई राज विश्वकर्मा ने कहा कि बहन सुबह से लापता थी और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट स्थानीय थाने में दर्ज कराई गई है। संबंधित थाना से भी गुमशुदगी की पुष्टि होने के बाद स्टेशन डायरी की प्रति उपलब्ध कराई गई। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवती की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए उसे समस्तीपुर स्थित वन स्टाप सेंटर के सिपुर्द कर दिया गया।

 

 

By Manish