समस्तीपुर : यात्रियों को ट्रेन में खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूर्व रेलवे ने महत्वपूर्ण पहल की है। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की तर्ज पर अब पूर्व रेलवे के अंतर्गत चलने वाली 32 प्रमुख मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में मिनी पैंट्री कार (मिनी पैंट्री सेवा) शुरू करने की तैयारी की गई है। इनमें कोलकाता-जयनगर साप्ताहिक एक्सप्रेस, कोलकाता-मिथिलांचल एक्सप्रेस और जनसेवा एक्सप्रेस शामिल हैं, जो समस्तीपुर जंक्शन होकर चलती हैं। इन ट्रेनों में मिनी पैंट्री सेवा शुरू होने से समस्तीपुर से यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन में ही नाश्ता और भोजन उपलब्ध हो सकेगा। इससे यात्रियों को सफर के दौरान खान-पान के लिए स्टेशन पर निर्भर रहने या बाहर से भोजन खरीदने की परेशानी कम होगी।
रेलवे की निर्धारित दर पर मिलेगा भोजन :
मिनी पैंट्री सेवा के लिए रेलवे की ओर से टेंडर के माध्यम से ठेकेदारों का चयन किया जाएगा। टेंडर लेने वाले ठेकेदारों को रेलवे की ओर से निर्धारित दरों के अनुसार ही यात्रियों को नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराना होगा। इसके लिए रेलवे प्रशासन की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य पदार्थों के मानकों का भी विशेष ध्यान रखना होगा। ट्रेन संख्या 13135/13136 कोलकाता-जयनगर एक्सप्रेस समस्तीपुर होकर चलती है। कोलकाता से जयनगर जाने वाली ट्रेन 13135 के प्रमुख ठहराव नैहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा, सकरी, मधुबनी और जयनगर हैं। वापसी में ट्रेन संख्या 13136 जयनगर से कोलकाता के लिए चलती है।
मिथिलांचल एक्सप्रेस भी शामिल :
13155/13156 कोलकाता-मिथिलांचल एक्सप्रेस भी समस्तीपुर होकर चलती है। कोलकाता से सीतामढ़ी जाने वाली ट्रेन 13155 के प्रमुख स्टेशन नैहाटी, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, सिमुलतला, झाझा, लखीसराय, बरौनी, दलसिंहसराय, समस्तीपुर, लहेरियासराय, दरभंगा, कमतौल, जोगियारा, जनकपुर रोड और सीतामढ़ी हैं। वापसी में 13156 सीतामढ़ी से कोलकाता जाती है।
जनसेवा एक्सप्रेस में भी मिलेगी सुविधा :
13419/13420 जनसेवा एक्सप्रेस भी मिनी पैंट्री सेवा वाली ट्रेनों की सूची में शामिल है। भागलपुर से मुजफ्फरपुर जाने वाली 13419 ट्रेन अकबरनगर, सुल्तानगंज, कल्याणपुर रोड, बरियारपुर, जमालपुर, धरहरा, अभयपुर, कजरा, किऊल, लखीसराय, बरहिया, बरौनी, बछवारा, दलसिंहसराय, समस्तीपुर, खुदीराम बोस पूसा और ढोली होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचती है। वापसी में 13420 मुजफ्फरपुर से भागलपुर जाती है।