समस्तीपुर : दरभंगा जिले से घर छोड़कर निकली तीन नाबालिग लड़कियों और एक युवक को रेलवे सुरक्षा बल ने समस्तीपुर जंक्शन से बरामद कर लिया। इसके बाद सभी को आगे की कार्रवाई के लिए बिरौल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरपीएफ के अनुसार 9 जुलाई को बिरौल थाना, दरभंगा से समस्तीपुर आरपीएफ को सूचना मिली थी कि बिरौल थाना में नामजद अभियुक्त और पीड़िताएं दिल्ली से किसी ट्रेन से समस्तीपुर पहुंच रहे हैं।
मामले में सहयोग का अनुरोध किए जाने के बाद समस्तीपुर आरपीएफ ने जंक्शन पर विशेष निगरानी शुरू की। सूचना के आधार पर आरपीएफ ने दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी मोहम्मद कुदुस को तीन नाबालिग लड़कियों के साथ समस्तीपुर जंक्शन से बरामद किया। इसके बाद बिरौल थाना के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार समस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट पहुंचे।
आवश्यक दस्तावेजों एवं प्राथमिकी की प्रति उपलब्ध कराने के बाद आरपीएफ ने तीनों नाबालिग लड़कियों तथा युवक को विधिसम्मत कार्रवाई के लिए बिरौल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक अविनाश कोरसिया के नेतृत्व सब-इंस्पेक्टर शशिकांत तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित थे।