समस्तीपुर : रामभद्रपुर रेलवे स्टेशन परिसर के झाड़ियों में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ और रेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार पीड़िता उत्तर प्रदेश के वृंदावन की रहने वाली है। वह स्टेशन परिसर में यात्रियों से सहायता मांगकर अपना जीवन-यापन करती थी। आरोपी की पहचान जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर निवासी सुधीर कुमार राम (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्टेशन पर भीख मांगकर गुजर-बसर करता था।
प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच पहले से जान-पहचान होने की बात सामने आई है। बताया गया कि गुरुवार देर रात स्टेशन के पास झाड़ियों में दोनों को देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आरपीएफ और रेल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अपने कब्जे में लिया। पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया।
रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है तथा सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इधर, शुक्रवार को एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।