विरोध प्रदर्शन में शामिल यूनियन के सदस्य

समस्तीपुर : आगरा कैंट स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट के साथ हुए कथित अमानवीय व्यवहार के विरोध में ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के समस्तीपुर मंडल ने बुधवार को मंडल की विभिन्न शाखाओं में शांतिपूर्ण ढंग से विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल मंत्री मनोज कुमार ने की।बैठक में रेलकर्मियों के साथ अभद्रता, मारपीट, धमकी एवं अपमानजनक व्यवहार की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए इसकी कड़ी निंदा की गई।

वक्ताओं ने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी रेल कर्मचारी के साथ हिंसक या अपमानजनक व्यवहार न केवल उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि इससे कर्मचारियों का मनोबल भी प्रभावित होता है और सुरक्षित व निर्बाध रेल संचालन पर भी असर पड़ सकता है। मंडल मंत्री मनोज कुमार ने कहा कि रेलवे प्रशासन का दायित्व है कि प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त कार्य वातावरण उपलब्ध कराए।

उन्होंने मांग की कि रेलकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट की किसी भी घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक को संबोधित करते हुए सुशील कुमार और अमरजीत कुमार ने भी आगरा कैंट की घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम में मानाधार राम, मनीष कुमार, राकेश कुमार रौशन, मुख्यालय शाखा सचिव अजय यादव, आउटडोर शाखा अध्यक्ष अजय शर्मा, शाखा सचिव मंजूर आलम, कारखाना-स्टोर शाखा सचिव अमरजीत कुमार, लोको शाखा सचिव राज कुमार, सीताराम, अमरदीप ठाकुर, अविनाश कुमार, सुमन कुमार कर्ण, रंजन कुमार, सतीश कुमार चौधरी, नरेश यादव सहित अन्य रेलकर्मी मौजूद रहे।

By Manish