आरपीएफ पोस्ट से फरार आरोपी


समस्तीपुर : समस्तीपुर रेलवे जंक्शन स्थित आरपीएफ पोस्ट से शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपितों के फरार हो जाने के बाद मंडल रेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार रेल पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए कर्मियों में सब इंस्पेक्टर पी.के. चौधरी, मनोज साह, राधेश्याम और दीपक कुमार शामिल हैं। वहीं पूरे मामले की विभागीय जांच के भी आदेश दे दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम आरपीएफ की टीम ने समस्तीपुर जंक्शन के वाशिंग पिट क्षेत्र में छापेमारी कर 191 बोतल (34.380 लीटर) शराब बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान नगर थाना क्षेत्र के पेठियागाछी निवासी अर्जुन कुमार तथा दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर निवासी सौरभ कुमार सुमन को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपितों को आरपीएफ पोस्ट के हाजत के पास बने एक कमरे में रखा गया था। बताया जाता है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।

इसी दौरान दोनों आरोपित करकट से बने शेड को हटाकर वहां से फरार हो गए। जब तक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को इसकी भनक लगी, तब तक दोनों आरोपी मौके से निकल चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के कमांडेंट आशीष कुमार स्वयं आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। आरोपितों के फरार होने के मामले में सब इंस्पेक्टर पी.के. चौधरी के आवेदन पर समस्तीपुर रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।


वर्जन :

शराब कांड में शामिल दोनों अभियुक्तों के आरपीएफ पोस्ट से फरार होने का मामला सामने आया है। इसके बाद तत्काल प्रभाव से चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। गिरफ्तारी टीम में शामिल सभी सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा मंडल रेल प्रशासन ने विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।- आशीष कुमार, कमांडेंट, समस्तीपुर रेल मंडल

By Manish