समस्तीपुर : रेल पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए स्टेशन चौक के पास स्थित एक मोबाइल विक्रेता समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के रोहित कुमार, अंकित कुमार और अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विगत दिनों समस्तीपुर यार्ड के मजार के पास ट्रेन से यात्रा के दौरान एक यात्री का मोबाइल दो युवकों ने छीन लिया था।

इसके बाद आरोपितों ने यात्री के घर फोन कर मोबाइल वापस करने के बदले पांच हजार रुपये की मांग की। यात्री ने इसकी सूचना रेल पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने यात्री को आरोपितों से बातचीत जारी रखने को कहा। इसके बाद रेल पुलिस की टीम सादे लिबास में मोबाइल विक्रेता की दुकान के आसपास पहुंची। योजना के तहत यात्री ने मोबाइल वापस लेने के लिए पांच हजार रुपये दुकानदार को दिए।

इसी दौरान रेल पुलिस ने दुकानदार को रंगेहाथ पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान रेल पुलिस ने दुकानदार से दोनों मोबाइल चोरों को पैसे लेने के लिए दुकान पर बुलाने को कहा। दुकानदार के बुलाने पर जैसे ही दोनों आरोपित दुकान पर पहुंचे, सादे लिबास में मौजूद रेल पुलिस की टीम ने दोनों को भी हिरासत में ले लिया। रेल पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ कर मामले में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही चोरी किए गए मोबाइल की बरामदगी और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

 

By Manish