समस्तीपुर : श्रावणी मेला में बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को लेकर रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। मधुपुर और नरकटियागंज के बीच ट्रेन संख्या 03567/03568 श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। यह ट्रेन 11, 18 और 25 अगस्त को दोनों दिशाओं में तीन-तीन ट्रिप चलेगी। ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे और सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे। मधुपुर से नरकटियागंज जाने वाली ट्रेन संख्या 03567 मधुपुर जंक्शन से रात 1 बजे खुलेगी। यह ट्रेन जसीडीह, झाझा, जमुई, किऊल, लखीसराय, बरौनी समेत विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 7:40 बजे समस्तीपुर जंक्शन पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 7:45 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन मुजफ्फरपुर, मोतीपुर, मेहसी, चकिया, बापूधाम मोतिहारी, सुगौली, बेतिया और चनपटिया होते हुए दोपहर 12:25 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी।वहीं नरकटियागंज से मधुपुर लौटने वाली ट्रेन संख्या 03568 दोपहर 1:25 बजे नरकटियागंज से रवाना होगी। यह ट्रेन चनपटिया, बेतिया, सुगौली, बापूधाम मोतिहारी, चकिया, मुजफ्फरपुर होते हुए शाम 6:30 बजे समस्तीपुर जंक्शन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद 6:35 बजे मधुपुर के लिए रवाना होगी। ट्रेन बरौनी, बरहिया, किऊल, जमुई, झाझा और जसीडीह होते हुए रात 2:15 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में पांच मिनट ठहराव :
श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का समस्तीपुर जंक्शन पर दोनों दिशाओं में पांच-पांच मिनट का ठहराव दिया गया है। 03567 मधुपुर-नरकटियागंज स्पेशल सुबह 7:40 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी और 7:45 बजे रवाना होगी। वहीं 03568 नरकटियागंज-मधुपुर स्पेशल शाम 6:30 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी और 6:35 बजे रवाना होगी। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भी दोनों दिशाओं में पांच मिनट का ठहराव रहेगा। रेलवे के इस निर्णय से समस्तीपुर, बरौनी, मुजफ्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को श्रावणी मेला के दौरान यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने यात्रियों से अधिकृत टिकट लेकर यात्रा करने और यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है।