रोजगार शिविर में शामिल प्रतिभागी।

समस्तीपुर : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय की ओर से मंगलवार को जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक अश्वमेध देवी, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विवेक कुमार, प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान समस्तीपुर एवं जिला नियोजन पदाधिकारी रोहित आनंद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से हुई। जिला नियोजन पदाधिकारी ने अतिथियों का स्वागत पौधा एवं शॉल देकर किया। उन्होंने विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उप विकास आयुक्त ने अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन देते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार के लिए भी प्रेरित किया। विधायक अश्वमेध देवी ने नियोजन मेले की सराहना करते हुए अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र विवेक कुमार शर्मा एवं आईटीआई समस्तीपुर के प्राचार्य ने अभ्यर्थियों को करियर एवं कौशल विकास से संबंधित मार्गदर्शन दिया। मेले में कुल 31 नियोजकों ने हिस्सा लिया।

इसमें 2,783 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए करीब आठ स्टॉल के माध्यम से 627 लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। नियोजकों ने करीब 2,783 अभ्यर्थियों का बायोडाटा प्राप्त किया, जिसमें से लगभग 1,000 अभ्यर्थियों का रोजगार के लिए अंतिम रूप से चयन किया गया। मेले में मौजूद पदाधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों को रोजगार, नियोजन एवं कौशल विकास के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया। अंत में बिहार गीत के साथ उद्घाटन कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

 

By Manish