समस्तीपुर : रेलवे संपत्ति की चोरी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल समस्तीपुर पोस्ट की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित रेलवे लाइन से पेंड्रोल क्लिप और सिग्नल प्वाइंट मशीन के ढक्कन चोरी कर ले जा रहे थे। उनकी निशानदेही पर लक्ष्मी चौक स्थित कबाड़ दुकान में भी छापेमारी की गई, हालांकि वहां से कोई रेलवे संपत्ति बरामद नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में अपराध आसूचना शाखा की टीम आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी।
टीम समस्तीपुर-मुक्तापुर रेलखंड स्थित समपार फाटक संख्या 1ए के पास तैनात थी। रविवार देर रात करीब 12:50 बजे टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को सिर पर भारी सामान लेकर मुक्तापुर की ओर से आते देखा। टीम ने समस्तीपुर-मुक्तापुर के बीच किलोमीटर संख्या 02/25 के पास अप लाइन में दोनों को घेरकर रोक लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान एक आरोपित की पहचान मथुरापुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर बंगाली गाछी वार्ड संख्या 12 निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई। उसके पास से रेलवे सिग्नल प्वाइंट मशीन का ढक्कन और रेलवे लाइन में इस्तेमाल होने वाले दो पेंड्रोल क्लिप बरामद किए गए।
दूसरे आरोपित की पहचान झिल्ली चौक निवासी चंदन महतो के रूप में हुई। उसके पास से भी सिग्नल प्वाइंट मशीन के दो ढक्कन और दो पेंड्रोल क्लिप बरामद किए गए। आरपीएफ टीम ने रेलवे संपत्ति को जब्त कर लिया। दोनों की जामा तलाशी में पहने कपड़ों के अलावा कोई अन्य सामान नहीं मिला। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे चोरी की रेलवे संपत्ति लक्ष्मी चौक स्थित मुन्ना कबाड़ी की दुकान में बेचते थे।
इसके बाद स्थानीय थाना के सहयोग से विवेक कुमार की निशानदेही पर लक्ष्मी चौक स्थित मुन्ना रजक व मोतीलाल रजक की कबाड़ दुकान की तलाशी ली गई। करीब 12 मिनट तक चली तलाशी में कोई रेलवे संपत्ति बरामद नहीं हुई। मामले में सहायक उपनिरीक्षक शशिकांत तिवारी के आवेदन पर आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर में रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक सुमित कुमार कर रहे हैं।